क्रू में दोस्त था इसलिए टाल दिया हमला, जुलाई में 9/11 जैसी साजिश रच चुका था ओमानी पायलट
दुबई/तेल अवीव: पिछले दिनों दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ 1073) के कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ओमान के सह-पायलट (को-पायलट) हमाम अल-हमामी द्वारा अंजाम दिए गए इस 9/11 शैली के खौफनाक षड्यंत्र को लेकर नई जानकारियां सामने आई हैं, जिनसे पता चलता है कि यह हमला पूरी तरह से एक सुनियोजित आतंकी साजिश थी।
जुलाई में ही रची गई थी हमले की खतरनाक साजिश
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आई है कि आरोपी हमामी ने इस 9/11 स्टाइल आतंकी हमले की रूपरेखा इसी साल जुलाई में ही तैयार कर ली थी। हालांकि, एयरलाइन के ही एक अन्य क्रू मेंबर के साथ उसकी दोस्ती हो जाने के कारण उसने उस वक्त अपने इस नापाक प्लान को कुछ समय के लिए टाल दिया था। चौंकाने वाली बात यह है कि अल-हमामी ने इस खौफनाक हमले की योजना फ्लाईदुबई एयरलाइन में नौकरी के लिए आवेदन करने और सेवा शुरू करने से पहले ही बना ली थी।
बेन गुरियन एयरपोर्ट या ऊंची इमारत पर क्रैश करने की थी योजना
जांच में खुलासा हुआ है कि उसकी मंशा दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट FZ 1073 को इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट या वहां की किसी गगनचुंबी इमारत से टकराकर क्रैश करने की थी। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स और वहां के अधिकारियों के मुताबिक, अल-हमामी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के जांचकर्ताओं को पूछताछ में बताया कि फ्लाईदुबई जॉइन करने से पहले उसने उन सभी एयरलाइनों की सूची बनाई थी जो इजरायल के लिए उड़ानें भरती हैं। फ्लाईदुबई में नौकरी के दौरान उसने कई बार बेन गुरियन एयरपोर्ट का दौरा किया था और जून महीने में अपनी एक यात्रा के दौरान वहां की सुरक्षा व अन्य जरूरी जानकारियां जुटाकर इस साजिश को आगे बढ़ाया था।
ओमान एयर ने पहले ही कर दिया था ब्लैकलिस्ट
रिपोर्ट्स से यह भी साफ हुआ है कि हमाम अल-हमामी के कट्टरपंथ के रास्ते पर चलने की शुरुआत फ्लाईदुबई में शामिल होने से बहुत पहले ही हो चुकी थी। इसी संलिप्तता के चलते ओमान की प्रमुख एयरलाइन 'ओमान एयर' ने उसे पहले ही ब्लैकलिस्ट कर दिया था। सूत्रों के अनुसार, ओमान एयर ने उसके पास चरमपंथी सामग्री पाए जाने के कारण उसे उड़ान भरने से प्रतिबंधित कर दिया था। इतना ही नहीं, उसे सामान्य जीवन में वापस लाने के लिए 'डी-रेडिकलाइजेशन' (कट्टरपंथ से मुक्ति) कार्यक्रम से भी गुजरना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद उसकी मानसिकता में कोई सुधार नहीं आया और उसने इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दे डाला।


