ग्वालियर, शहर वार्ड-०७ से भाजपा प्रत्याशी ममता भदौरिया से अब उनका टिकट वापस ले लिया गया है। उनके बदले ऊर्जा मंत्री के करीबी वंदना आशीष तोमर को भाजपा ने वार्ड-०७ से प्रत्याशी बनाया है। इस पर स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया और नारेबाजी की है। 
ग्वालियर में १७ जून की रात भाजपा ने अपने प्रत्याशियो के नाम घोषित किए थे। यह नाम बहुत ही सोच विचारकर और पैनल में हर कसौटी पर कसकर निकाले गए थे। नगर निगम के वार्ड -०७ में भाजपा ने दिवंगत नेता धर्मेन्द्र भदौरिया की पत्नी ममता धर्मेन्द्र भदौरिया को प्रत्याशी बनाया था। दूसरे नंबर पर ऊर्जा मंत्री तोमर के चहेते आशीष तोमर की पत्नी वंदना आशीष तोमर का नाम था। १८ जून से ही नाम घोषित होने के बाद ममता भदौरिया ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। उन्होंने अपने क्षेत्र में रैली तक निकाल दी। इतना ही नहीं करीब दो  लाख रुपए की चुनाव सामग्री भी छपकर तैयार है।। अब उनको चुनाव सामग्री बांटने और प्रचार को एक कमान देने के लिए चुनावी कार्यालय का शुभारंभ करना था। इसलिए वह भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी के पास कार्यालय की इजाजत लेने पहुंची थी। तब उनको रुकने के लिए कहा गया। मंगलवार रात ममता भदौरिया के पास कॉल आया कि अब वह प्रत्याशी नहीं है। उनके बदले वंदना आशीष तोमर को टिकट फाइनल किया गया है। वह अब प्रचार न करें। यह सुनते ही वह नाराज हुई और जब यह बात स्थानीय लोगों को पता लगी तो बुधवार का हंगामा खड़ा हो गया है।