आगरा | ताजनगरी में प्री-मानसून दस्तक दे चुका है। हवा में नमी बढ़ने से एक तरफ मौसम सुहावना हो गया है, दूसरी तरफ लू के तेवर ढीले पड़ गए हैं। गर्म हवाएं अब ठंडी हो गई हैं। रविवार को दिनभर बादलों की लुकाछिपी होती रही। गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। फिर दोपहर में कुछ देर धूप निकली। शाम को फिर ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन बूंदाबांदी के आसार हैं।रविवार को दिन का पारा सात डिग्री लुढ़क गया। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के पारे में भी तीन डिग्री की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। पिछले 24 घंटे में 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार शाम को झमाझम बारिश से गर्मी के तेवर ढीले हो गए हैं।