गुरुग्राम। शराब के नशे में धुत युवकों की कार ड्रिफ्टिंग (स्टंट) ने उद्योग विहार फेज-चार इलाके में एक की जान ले ली। दो घायल हो गए। ड्रिफ्टिंग करने के दौरान कार को इतनी तेज रफ्तार से एक युवक ने घुमाया कि तीन लोग चपेट में आ गए। मारे गए व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।

घायलों की पहचान डिस्कवरी वाइन शाप में काम करने वाले अनु कुमार गुप्ता और सुशील कुमार के रूप में की गई। अनु कुमार गुप्ता के बयान पर उद्योग विहार थाना पुलिस ने युवकों के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने रविवार देर रात को कार स्टंट करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।बता दें कि शनिवार रात लगभग डेढ़ बजे उद्योग विहार फेज-चार इलाके में राव गजराज सिंह चौक के नजदीक होटल हयात के पीछे काफी शोर हो रहा था। उस समय दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले अनु कुमार गुप्ता और सुशील कुमार डिस्कवरी वाइन शाप में ही थे। शोर सुनकर दोनों बाहर निकले तो देखा कि 10-12 युवक आपस में तू-तू, मैं-मैं कर रहे हैं।

बीच-बीच में उनमें से कुछ युवक कारों से स्टंट भी कर रहे थे। इन कारों में दो अर्टिगा,एक हुंइई वेन्यू और एक हुंडई क्रेटा थी।पास ही इलाके में कूड़ा बीनने वाला लगभग 50 वर्षीय एक व्यक्ति भी खड़ा था। एक युवक खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहा था।

यह देखकर अनु कुमार गुप्ता ने सुशील कुमार और कूड़ा उठाने वाले को पीछे हटने के लिए कहा। तीनों पीछे हट गए थे। इसके बाद भी बेकाबू अर्टिगा ने तीनों को टक्कर मार दी। बताया जाता है कि अर्टिगा की गति इतनी अधिक थी कि वह पूरी तरह घूम गई। इससे अर्टिगा दोबारा कूड़ा उठाने वाले व्यक्ति पर चढ़ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।