दिल्ली में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में एक युवक ने नाबालिग लड़की की चाकू से गोदने के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी पुलिस थाना इलाके में यह वारदात हुई। आरोपी युवक की पहचान साहिल पुत्र सरफराज के रूप में हुई है। आरोपी साहिल और लड़की के बीच कहासुनी होती है। इसके बाद आरोपी साहिल लड़की को गली में रोक लेता है। कुछ ही सेकंड बाद आरोपी साहिल लड़की पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला करना शुरू कर देता है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी साहिल लड़की को चाकू से लगातार गोद रहा है, गली में लोग उसके पास से आते-जाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी बीच बचाव करने की जहमत नहीं उठाई। आरोपी साहिल ने लगातार 30 से अधिक बार चाकू से वार किए। इसके बाद उसने कई बार पत्थर से मारा। इसके बाद मौके से भाग गया। घायल लड़की को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

मुखबिर ने बीट स्टाफ को नाबालिग युवती की हत्या की जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पड़ताल में नाबालिग लड़की की पहचान हो गई है। मृतका ई-36 जेजे कॉलोनी के रहने वाले थी। पुलिस के अनुसार, साहिल और नाबालिग लड़की के बीच संबंध थे, लेकिन रविवार को दोनों के बीच विवाद हो गया। लड़की के पिता की तहरीर पर थाना शाहबाद डेयरी में आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

वहीं, सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर कहा कि दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। एलजी साहब, कानून व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।