हाइपरसोनिक हथियारों की दौड़ में जापान की एंट्री, ब्रह्मोस से ज्यादा स्पीड का दावा
टोक्यो। एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में चीन के बढ़ते सैन्य प्रभाव और सुरक्षा चुनौतियों के बीच हथियारों की होड़ तेजी से बढ़ रही है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति पद संभालने के बाद मित्र देशों के प्रति वाशिंगटन के रुख में आए बदलाव के कारण जापान सहित इस क्षेत्र के कई देशों को अपनी सुरक्षा के लिए खुद आत्मनिर्भर होना पड़ रहा है। यही वजह है कि कई देश भारत की विश्व प्रसिद्ध और खतरनाक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस को खरीदने के लिए आगे आए हैं, और कुछ देशों के साथ करार भी हो चुका है। इन तमाम रणनीतिक घटनाक्रमों के बीच जापान ने अपनी सैन्य ताकत को बड़ा विस्तार देते हुए एक स्वदेशी हाइपरसोनिक मिसाइल विकसित कर ली है, जिसकी रफ्तार 6,200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक है।
केवळ 20 मिनट में बीजिंग को बनाया जा सकता है निशाना
यदि जापानी मिसाइल की न्यूनतम गति मैक-5 भी मान ली जाए, तो यह मिसाइल महज 20 मिनट के भीतर चीन की राजधानी बीजिंग तक पहुंचकर भारी तबाही मचा सकती है। जापान की यह नई हाइपरसोनिक मिसाइल चीन के लिए एक बड़ा रणनीतिक खतरा बन गई है, क्योंकि इतनी अत्यधिक तीव्र गति वाली मिसाइल को बीच रास्ते में इंटरसेप्ट (रोकना) करना दुनिया के किसी भी आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम के लिए एक बेहद कठिन चुनौती है।
जापानी सेना में शामिल हुई पहली घरेलू स्टैंड-ऑफ मिसाइल
सामने आए नए वीडियो और रिपोर्ट्स के मुताबिक, जापान ग्राउंड सेल्फ-डिफेंस फोर्स की इकाई को कैंप फूजी में इस हथियार प्रणाली को फायरिंग पोजीशन पर ले जाते, लॉन्चर तैयार करते और फिर सुरक्षित पीछे हटते हुए देखा गया है। यह जापान के पहले घरेलू स्तर पर विकसित हाई-स्पीड ग्लाइड वेपन की ऑपरेशनल युद्धक क्षमता का अब तक का सबसे स्पष्ट प्रदर्शन है। इस मिसाइल को जापानी सेना में आधिकारिक तौर पर शामिल किया गया है। यह पहला मौका है जब जापान ने घरेलू स्तर पर निर्मित स्टैंड-ऑफ मिसाइलों को अपनी डिफेंस फोर्स की ऑपरेशनल यूनिट को सौंपा है। हालांकि जापान ने अभी तक इसकी सटीक मारक क्षमता (रेंज) को सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन वह इससे भी अधिक दूरी तक मार करने वाले एडवांस वेरिएंट पर लगातार काम कर रहा है।
रूस, चीन और उत्तर कोरिया के बाद पांचवां देश बना जापान
यह उन्नत हथियार प्रणाली जापान की व्यापक लॉन्ग-रेंज स्ट्राइक रणनीति का एक अहम हिस्सा है, जिसमें आधुनिक टाइप 12 मिसाइलें, अमेरिकी क्रूज मिसाइलें और नई स्वदेशी हाइपरसोनिक मिसाइलें शामिल हैं। इस तरह से जापान की यह मिसाइल रेंज और स्पीड के मामलों में बेहद घातक मानी जा रही है। जापान के डिफेंस व्हाइट पेपर में अलग-अलग दूरी, गति और लॉन्च प्लेटफॉर्म वाली स्टैंड-ऑफ मिसाइलों के विकास तथा अधिग्रहण में तेजी लाने पर जोर दिया गया है। चीन की बढ़ती नौसैनिक और वायु शक्ति के जवाब में विकसित किए जा रहे इन हथियारों से जापान अब रूस, चीन, उत्तर कोरिया और ईरान के बाद हाइपरसोनिक ग्लाइड वाहन को सेवा में शामिल करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है।


