अयोध्या।  अयोध्या में राम की पैड़ी पर सरयू को स्वीमिंग पूल समझ पति अपनी पत्नी को बाहों में लेकर चूमने लगा। इस प्रेमी जोड़े को होश ही नहीं रहा कि वो जहां खड़े हैं उसका क्या महत्व है? ये नदी कितने लोगों की आस्था का केंद्र है? कितने लोग उन्हें देख रहे हैं? जिस पवित्र सरयू नदी में स्नान कर लोगों के भीतर भक्ति भाव उमड़ते है वहां पति-पत्नी के मन में वासना की तरंगें उठने लगीं। लोग जहां राम का नाम लेकर डुबकी लगा रहे थे वहीं ये शख्स अपनी भीगी हुई पत्नी को बाहों में लेकर उसे चूम रहा था। वहां मौजूद एक शख्स ने उस शख्स की बनियान पकड़कर उसे नदी से बाहर खींच लिया। इसके बाद लोगों ने उस शख्स पर थप्पड़ों की बारिश कर दी। लोगों ने उसकी बनियान फाड़ दी। 
   गनीमत ये रही कि उसकी पत्नी के साथ किसी ने मारपीट नहीं की। बाद में विवाद बढ़ता देख मामला संत समाज के बीच भी गया। संत समाज ने भी इस घटना पर घोर आपत्ति जताई। गौरतलब है कि अयोध्या स्थित सरयू नदी दुनियाभर में राम भक्तों की आस्था का केंद्र रही है। लोग भक्ति भाव के साथ सरयू तट पर भगवान राम का नाम लेकर डुबकी लगाते हैं और फिर हनुमान गढ़ी और रामलला के दर्शन करते हैं।