गोरखपुर | रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की थकान तो दूर होगी ही, खेल-खेल में दिमाग भी स्वस्थ रहेगा। ट्रेन के इंतजार में समय कब बीत गया, पता ही नहीं चल पाएगा। नवाचार के अंतर्गत यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग और लखनऊ जंक्शन पर गेमिंग मशीनें लगाई जाएंगी।

यात्री 10 रुपये प्रति वीडियो गेम का आनंद उठा सकेंगे। गोरखपुर जंक्शन पर 10, लखनऊ जंक्शन पर छह, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर और ऐशबाग में एक-एक गेमिंग मशीन लगाई जाएगी। मशीनें स्टेशनों के प्रमुख स्थलों व गेटों पर लगाई जाएंगी। प्रत्येक मशीन के लिए स्टेशन पर 10 वर्ग फीट भूमि चिह्नित की जा रही है। मशीन लगाने के लिए सुल्तानपुर की एक एजेंसी नामित कर दी गई है। जल्द ही इन्हें लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लखनऊ मंडल प्रशासन ने अनुमति प्रदान कर दी है। अक्सर, यात्री ट्रेन छूटने के निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंच जाते हैं।

स्टेशन पहुंचने के बाद पता चलता है कि ट्रेन के आने में अभी विलंब है। ट्रेन के इंतजार में यात्री ऊब जाते हैं। बच्चे भी बहुत परेशान करते हैं। वे प्लेटफार्मों पर इधर-उधर भागते हैं। दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। समय काटना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रेलवे की यह पहल सफर को सुहाना बनाने में मदद करेगी। स्टेशन पर ही दूर हो जाएगी सफर की थकान : रेलवे स्टेशनों पर ही सफर की थकान भी दूर हो जाएगी।

मसाज चेयर भी लगेंगी

गोरखपुर व लखनऊ जंक्शन पर मसाज चेयर कियोस्क (स्टाल) लगाए जाएंगे। आने वाले दिनों में अन्य सभी प्रमुख स्टेशनों पर भी मसाज चेयर लगाने की योजना है। यात्रियों को स्टेशन पर बाजार से कम कीमत पर ही मसाज की सुविधा मिल जाएगी।यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ मंडल प्रशासन द्वारा छह रेलवे स्टेशनों पर गेमिंग मशीन लगाए जाने के लिए कांट्रैक्ट किया गया है। गोरखपुर में मसाज चेयर कियोस्क (स्टाल) भी लगाए जाएंगे। इच्छुक यात्रीगण इसका लाभ उठा सकेंगे।