धरती पर इंसानों के अलावा जीव-जंतु भी रहते हैं। यहां अलग-अलग प्रजाति के जीव पाए जाते हैं। कुछ समुद्र की गहराइयों में रहते है, कुछ धरती पर और कुछ अनंत आसमान में उड़ते हैं। हर जीव की अपनी एक खासियत होती है। रंग, आकार, गुण और खान-पान ही हर जीव को एक दूसरे से अलग करता है। ऐसे ही हर जीव का जीवन काल अलग-अलग होता है। कोई सैकड़ों साल तो कोई कुछ साल जीता है। इसी कड़ी में आज हम बताएंगे एक ऐसे ही जानवर के बारे में जो अपने लंबे जीवन के लिए दुनिया भर में जाना जाता है।

आपको जानकर हैरानी होगी कि ये इतना लंबा जीवन जीता है कि ये सभी जानवरों को पीछे छोड़ देता है। स्वभाव से शांत रहने वाला ये जानवर समुद्र की गहराइयों में और जमीन पर भी पाया जाता है। 

दुनिया में सबसे लंबा जीवन जीने वाला जानवर कछुआ है। जी हां! कछुआ एक ऐसा जीव है जो किसी भी जानवर से लंबा जीवन जीता है। इस जानवर की औसत आयु 150 से 200 साल तक होती है। क्या आप दुनिया के सबसे बूढ़े कछुए के बारे में जानते हैं? आज जिस कछुए के बारे में बात करने जा रहे हैं उसकी उम्र इतनी ज्यादा है कि वैज्ञानिक भी उसकी उम्र को लेकर असमंजस में हैं। 

इस कछुए का नाम जोनाथन है और इसे दुनिया का सबसे बुजुर्ग प्राणी का खिताब मिला हुआ है। ये कछुआ दक्षिण अटलांटिक महासागर के सेंट हेलेना आइलैंड में पाया जाता है। ये अपनी उम्र को लेकर पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। 

जोनाथन का जन्म 1832 में हुआ था। ऐसे में साल 2022 में इसकी उम्र 190 साल हो चुकी है। साल 1882 में जोनाथन जब 50 साल का था तब उसे सेंट हेलेना लाया गया था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जोनाथन के नाम "सबसे उम्रदराज जानवर" का रिकॉर्ड दर्ज है। 

ये कछुआ शाकाहारी है और इसे खाने में पत्ता गोभी, खीरा,गाजर, सेब, केला और मौसमी फलों को खाना पसंद है। इसे सर्दियों में धूप सेंकना और गर्मी में छांव में रहना पसंद है। हालांकि, बढ़ती उम्र का असर इसपर भी दिखाई देने लगा है। इसकी नजर कमजोर हो चुकी है और सूंघने की भी शक्ति कम हो गई है। जानकारों का कहना है कि जैसा अभी उसका स्वास्थ्य है। उससे ऐसा लगता है कि ये अभी और लंबा जीवन जीएगा।