नई दिल्ली महिला सुरक्षा को मजबूती प्रदान करते हुए उत्तर पश्चिम जिला पुलिस ने मंगलवार का एक और कदम बढ़ाया। ऐसे में अब महिलाओं को अपनी शिकायतें व समस्याओं क निदान के लिए थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनके लिए जिले के सभी 11 थानों में वूमन फैसिलिटेशन बूथ खोला गया है। ये बूथ शिक्षण संस्थानों, माल, बाजारों आदि के निकट खोले गए हैं।

इनमें अशोक विहार के सत्यवती कालेज के पास व नेताजी सुभाष प्लेस कार्मशियल कांपलेक्स में वूमन फैसिलिटेशन बूथ का उद्घाटन दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की प्राथमिकताओं में रही है। उत्तर पश्चिम जिले में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे तेजस्विनी अभियान के तहत शुरू किए गए ऐसे बूथ महिलाओं और युवतियों के लिए किसी भी अपराध या हिंसा की रिपोर्ट करने के लिए वन स्टाप सेंटर के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने इस तरह की पहल करने के लिए उत्तर-पश्चिम जिले की टीम की सराहना की।