भारत पर्व पर शैला, रीना, कर्मा तथा देशभक्ति पर केन्द्रित बुन्देली गायन की लोकरंग प्रस्तुति से श्रोता हुए सराबोर 

 

@रिपोर्ट - मो अनीश  तिगाला 

  

अनूपपुर 27 जनवरी 2023/ लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत 26 जनवरी 2023 गणतंत्र दिवस की संध्या 7 बजे से शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह एवं एसडीएम अनूपपुर श्री कमलेश पुरी ने किया। इस अवसर पर जिला खनि अधिकारी सुश्री आशालता वैद्य, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग मंजुला सेन्द्रे, उत्कृष्ट उ.मा.वि. के प्राचार्य श्री एच.एल. बहेलिया सहित, नागरिक, व्यापारी, दर्शक तथा इलेक्ट्राॅनिक एवं प्रिन्ट मीडिया के पत्रकार उपस्थित थे।                        

लोकतंत्र का लोक उत्सव भारत पर्व में पहली प्रस्तुति के रूप में जनजातीय सुदीर्घ परम्परा अंतर्गत शैला, रीना, कर्मा, गुदुम बाजा नृत्य की प्रस्तुति गंगाराम धुर्वे के नेतृत्व में जनजातीय कलाकारों द्वारा दी गई। कार्यक्रम में कर्मा समवेत नृत्य, जनजातीय परम्परा के कला, संस्कृति पर आधारित रीना, शैला एवं कर्मा की शानदार प्रस्तुति ने जनमानस को रोमांचित कर दिया। दर्शक लोकरंग में सराबोर होकर कर्तल ध्वनि करते नजर आए। लोक नर्तकों ने एक से बढ़कर एक पारम्परिक लोक नृत्य की प्रस्तुति देकर जनमानस की सराहना प्राप्त की। बुन्देली देशभक्ति गायन एवं वादन की प्रस्तुति नरसिंहपुर के श्री मुन्ना पेंटर के नेतृत्व में 12 सदस्यीय कलाकारों द्वारा दी गई, जिससे उपस्थित श्रोता लोकतंत्र के लोक उत्सव व देषभक्ति से सराबोर नजर आए। कार्यक्रम का संचालन समग्र शिक्षा अभियान के सहायक परियोजना समन्वयक श्री दीपक पाण्डेय द्वारा किया गया।