भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी पहुंची पूर्व सीएम एवं बीजेपी नेत्री उमा भारती ने कांग्रेस और विपक्षी एकता पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर बड़ा बयान दिया है।

उमा भारती ने कहा – कांग्रेस ने अपना हीरा गंवा दिया है। जिसने हमारी सरकार नहीं बनने दी, जिसने कांग्रेस की सरकार बना दी। जो कांग्रेस की सरकार को गिरा दिया और फिर हमारी सरकार बना दी। वो कौन है वो ज्योतिरादित्य सिंधिया है। कांग्रेस ने ऐसा हीरा गंवा दिया है। कहा कि- दिग्विजय सिंह बोलते हैं उन्हें वोट नहीं मिलते और कमलनाथ ज्यादा परिश्रम नहीं कर पाते। कांग्रेस ने अपनी ऐसी स्थिति खुद की है। अब बीजेपी के सामने कोई है ही नहीं। सिंधिया को कांग्रेस का प्यार नहीं मिला, कांग्रेस सिंधिया का दिल नहीं जीत पाई।

 

मोदी की तुलना में मिलियन वर्ष पीछे विपक्ष
कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी एकता पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बड़ा बयान दिया है। साइंस की भाषा में कहा कि- मोदी की तुलना में ये सब मिलियन वर्ष पीछे खड़े हैं। ममता बनर्जी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव का नेतृत्व क्या देश स्वीकार करेगा। मोदी की तुलना में मिलियन वर्ष नीचे खड़े हैं, कहां आ पाएंगे मोदी जी के सामने। उन्होंने सवाल उठाया कि मध्यप्रदेश में बीजेपी के सामने कांग्रेस कैसे आ पाएगी?