पाली तहसील अधिवक्ता संघ का चुनाव सम्पन्न — अध्यक्ष पद पर राजेन्द्र प्रताप सिंह एक वोट से विजयी,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
पाली तहसील अधिवक्ता संघ का चुनाव सम्पन्न — अध्यक्ष पद पर राजेन्द्र प्रताप सिंह एक वोट से विजयी

पाली। स्टेट बार काउंसिल के निर्देशानुसार तहसील अधिवक्ता संघ, पाली का द्विवार्षिक (दो वर्ष में एक बार होने वाला) चुनाव आज व्यवहार न्यायालय परिसर में शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। सुबह से ही अधिवक्ता साथियों में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। मतदान प्रक्रिया दोपहर 11 बजे से शाम 5 बजे तक चली, जिसके बाद मतगणना प्रारंभ हुई। कुल 76 मतों में से एक मत अमान्य घोषित किया गया, क्योंकि उस मतदाता ने सभी पदों के लिए “नोटा” लिखकर वोट किया था।

चुनाव अधिकारी की देखरेख में हुई मतगणना के परिणाम इस प्रकार रहे —
🔹 अध्यक्ष पद हेतु पाँच प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कुल 76 मतों में राजेन्द्र प्रताप सिंह को 22 मत, ब्रजेश उपाध्याय को 21 मत, शुशांत सक्सेना को 19 मत, सुदामा विश्वकर्मा को 12 मत तथा आत्माराम अवधिया को 1 मत प्राप्त हुआ। इस प्रकार राजेन्द्र प्रताप सिंह एक मत के अंतर से विजयी घोषित किए गए।

🔹 उपाध्यक्ष पद पर राजेश त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजय शिवहरे को 25 मतों के अंतर से पराजित किया। राजेश त्रिपाठी को 50 तथा अजय शिवहरे को 25 मत प्राप्त हुए।

🔹 पुस्तकालय पद के लिए हुए मुकाबले में आरती श्रॉफ ने रामप्रकाश विश्वकर्मा को 7 मतों से हराया। आरती श्रॉफ को 41 तथा रामप्रकाश विश्वकर्मा को 34 मत मिले।
🔹 सचिव पद का परिणाम अत्यंत रोमांचक रहा। अमर सिंह ठाकुर को 38 एवं अरविंद गुप्ता को 37 मत प्राप्त हुए। मात्र एक मत के अंतर से अमर सिंह ठाकुर विजयी घोषित हुए।

🔹 सह सचिव पद पर बसंत तिवारी ने 45 मत प्राप्त कर रामजी गुप्ता (30 मत) को 15 मतों से पराजित किया।
🔹 कोषाध्यक्ष पद पर चंद्र गुप्ता ने 40 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी कमल नारायण सिंह (35 मत) को 5 मतों के अंतर से हराया।
🔹 वहीं कार्यकारिणी सदस्य के चार पदों पर आशिक हुसैन, दिलीप महरा, अशोक चतुर्वेदी एवं योगेश बैजवानी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूरे दिन अधिवक्ता संघ परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों एवं अधिवक्तागणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ माँ बिरासिनी मंदिर पहुँचा, जहाँ विजयी प्रत्याशियों ने पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
विजयी प्रत्याशियों ने इस अवसर पर सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संघ के विकास एवं अधिवक्ताओं के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


