स्वस्थ बच्चे ही समर्थ मध्यप्रदेश का करेंगे स्वप्न साकार - खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को दस्तक अभियान में मिलेगी स्वास्थ्य सेवाएं - खाद्य मंत्री श्री सिंह 18 जुलाई से 31 अगस्त तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान का खाद्य मंत्री ने किया शुभारंभ

स्वस्थ बच्चे ही समर्थ मध्यप्रदेश का करेंगे स्वप्न साकार - खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह
0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को दस्तक अभियान में मिलेगी स्वास्थ्य सेवाएं - खाद्य मंत्री श्री सिंह
18 जुलाई से 31 अगस्त तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान का खाद्य मंत्री ने किया शुभारंभ
अनूपपुर I प्रदेश में 18 जुलाई से प्रारंभ हो रहे दस्तक अभियान राज्य शासन का महत्वपूर्ण अभियान है। जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य अमले द्वारा घर-घर दस्तक देकर 0 से 5 वर्ष की आयु तक के बच्चों की स्क्रीनिंग, बीमारियों की पहचान, उचित उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इस अभियान में सभी लोग सहभागी बनें। उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने जिला चिकित्सालय परिसर में 18 जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाले दस्तक अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक अवधिया, सिविल सर्जन डॉ. एस.आर. परस्ते, तहसीलदार आदित्य द्विवेदी, डॉ. आर.पी. सोनी, आत्मा गवर्निंग बोर्ड के सदस्य ज्ञानेन्द्र सिंह परिहार, विधायक प्रतिनिधि शैलेन्द्र सिंह, सिद्धार्थ षिव सिंह, चन्द्रिका द्विवेदी, शिवरतन वर्मा, रामनारायण उरमलिया सहित जनप्रतिनिधिगण, नागरिक तथा लाभार्थी जन व स्वास्थ्य अमले के लोग उपस्थित थे।
खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि 5 वर्ष तक के आयु के छोटे बच्चों के स्वास्थ्य देखभाल तथा उपचार के लिए दस्तक अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही समर्थ मध्यप्रदेश का स्वप्न साकार करेंगे। इसलिए इसमें सहयोग करें और स्वस्थ प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि दस्तक अभियान के अंतर्गत बच्चों के ईलाज के साथ ही कुपोषण के शिकार बच्चों को पोषण पुर्नवास केन्द्र में भर्ती किए जाने, डायरिया, दस्त आदि से पीड़ित बच्चों के घरवालों को ओआरएस घोल बनाने की जानकारी का तरीका बताया जाएगा। इसी के साथ ही जिन बच्चों को उपचार की आवश्यकता महसूस होगी, उनका उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के दौरान खसरा, रूबेला, काली खासी, टेटनेस, पीलिया आदि की भी जांच की जाएगी। उन्होंने दस्तक अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य अमले को प्रेरित करते हुए अभियान के संचालन की बधाई दी।