वर्षा के जल को रोकने जनमानस आगे आएं - श्री कनेश

प्रकृति को बचाने हमें पानी रोकना होगा - श्री कनेश

जल क्रांति अभियान की की गई समीक्षा

 

अनूपपुर I संयुक्त आयुक्त विकास  मगन सिंह कनेश ने कहा कि पानी के बगैर सब अधूरा है, पानी हमारे जीवन के लिए जरूरी है। हम सब को मिलकर वर्षा के जल को बचाना होगा। प्रकृति को बचाने के लिए हमें पानी रोकना होगा। उन्होने कहा है कि शहडोल संभाग मे चलाया जा रहा जल क्रांति अभियान जिन्दगी और प्रकृति को बचाने का अभियान है। इस पवित्र अभियान में जनमानस सहभागी बनें। संयुक्त आयुक्त विकास  मगन सिंह कनेश आज अनूपपुर में आयोजित जल क्रांति अभियान की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने मन की बात कार्यक्रम में शहडोल संभाग में चलाए जा रहे जल क्रांति अभियान और फुटबाल क्रांति अभियान की चर्चा की और इन अभियानों से प्रेरणा लेने की बात कही। यह शहडोल संभाग के लोगों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से अपील करते हुए कहा कि वे युवाओं को फुटबाल खेलने के लिए प्रोत्साहित करें। युवाओं को गांव में खेल सुविधाएं भी मुहैया कराएं। समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त संचालक कृषि एवं नोडल अधिकारी जल क्रांति अभियान  जे.एस. पेन्द्राम ने कहा कि शहडोल संभाग में जल क्रांति अभियान के अंतर्गत लगभग एक हजार कुओं को रिचार्ज करने का लक्ष्य रखा गया था। जिसमें हम सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमें प्रकृति को बचाने, सृष्टि को बचाने के लिए वर्षा के जल को बचाना होगा। उन्होंने कहा कि जल क्रांति अभियान से जुड़े मैदानी अधिकारी, कर्मचारी और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि मैदानी अधिकारी-कर्मचारी कुओं को चिन्हित करें और कुओं में रिचार्जिंग संरचनाओं का निर्माण कराएं। उन्होंने कहा कि सभी कुएं वर्षा के जल से लबालब भरे रहना चाहिए। समीक्षा के दौरान उप संचालक कृषि  एन.डी. गुप्ता ने कहा कि अनूपपुर जिले में जल क्रांति अभियान के तहत 472 कुओं को चिन्हित किया गया है। जिले में कुओं के रिचार्जिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. पाण्डेय ने भी पानी रोकना कितना जरूरी है इस पर प्रकाश डाला।