175 खेत तालाब एवं 18 अमृत सरोवरों में वॉटर शेड विकास योजना से कृषक करेंगे मत्स्य पालन

कृषकों को स्वावलम्बी बनाने मत्स्य बीज के साथ ही प्रदान किया गया प्रशिक्षण
 
अनूपपुर I  प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटर शेड विकास पुष्पराजगढ़ के अंतर्गत संचालित 3 परियोजनाओं में कृषकों को स्वरोजगार की गतिविधि से जोड़ने के लिए जिला प्रषासन की पहल पर कृषकों की निजी भूमि में निर्मित किए गए 175 खेत तालाब एवं 18 अमृत सरोवर में मछली बीज वाटर शेड योजना से मत्स्य विभाग की किरगी स्थित हैचरी से हितग्राहियों को मछली बीज प्रदाय किए गए। इस अवसर पर वॉटर शेड परियोजना क्षेत्र के 27 ग्राम पंचायतों के सरपंच सहित हितग्राही, मत्स्य निरीक्षक श्रीमती वर्षा व वॉटरषेड विकास परियोजना के परियोजना अधिकारी  रामनाथ कोरी,  राजेन्द्र कोसरिया एवं परियोजना समन्वयक उपस्थित रहे। इस अवसर पर कृषकों को मत्स्य पालन के संबंध में प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (वॉटर शेड विकास) के तहत पुष्पराजगढ़ विकासखण्ड के तीनों परियोजना क्षेत्रों में कृषकों को परम्परागत खेती से हटकर स्वरोजगार के लिए मत्स्य पालन की गतिविधि से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाने की दिशा में कलेक्टर  आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन में कार्य किया जा रहा है। कृषकों में जिला प्रशासन के इस नई पहल से उत्साह और उमंग के भाव है। कृषकों ने कहा कि मत्स्य पालन की गतिविधि से उन्हें आर्थिक स्वावलम्बी बनने में मदद मिलेगी।