*अनूपपुर की बेटियों ने रचा सफलता का इतिहास, नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी में हुआ चयन*
*अनूपपुर की बेटियों ने रचा सफलता का इतिहास, नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी में हुआ चयन*
अनूपपुर। जिले के लिए गर्व की बात है कि नगर के वार्ड क्रमांक 14, चेतनागर निवासी दो प्रतिभाशाली छात्राओं अदिति वत्स और प्रकृति वत्स का देश के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीयों में चयन हुआ है। दोनों बहनों की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
अदिति वत्स ने कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एनएफएसयू, गांधीनगर (अहमदाबाद) में मास्टर ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट (फोरेंसिक साइंस) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। उन्होंने बीएससी विज्ञान संकाय से प्रथम श्रेणी में स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद CAT परीक्षा दी थी। जबलपुर परीक्षा केंद्र से शामिल हुईं अदिति ने निर्धारित कटऑफ से अधिक अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वहीं, प्रकृति वत्स ने बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद जबलपुर उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्य करते हुए सेंट्रल यूनिवर्सिटी एडमिशन टेस्ट (CUET-PG) उत्तीर्ण किया। इसके आधार पर उन्हें एनएफएसयू, भुवनेश्वर (ओडिशा) में साइबर सिक्योरिटी विषय में एक वर्षीय एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है।
दोनों बहनों की इस सफलता के पीछे परिवार का शैक्षणिक वातावरण भी महत्वपूर्ण रहा है। उनकी माता श्रीमती संध्या पांडे गणित विषय की शिक्षिका हैं और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बस स्टैंड, अनूपपुर में पदस्थ हैं। वहीं उनके पिता डॉ. दीपक कुमार पांडेय (पीएचडी, अपराध शास्त्र) उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करते हैं।
अदिति और प्रकृति ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता के समर्पण, अनुशासित शिक्षा और पिता के मार्गदर्शन को दिया है। उनका कहना है कि परिवार से मिले संस्कार, निरंतर प्रोत्साहन और कठिन परिश्रम ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
दोनों बेटियों की उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे अनूपपुर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी यह सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें मेहनत के बल पर साकार करने का संकल्प रखते हैं।


