अनूपपुर के युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल
अनूपपुर के युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल
बुढार थाना क्षेत्र के श्रीवास्तव चौक के पास हुआ हादसा, तेज रफ्तार बनी दुर्घटना का कारण
अनूपपुर / शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीवास्तव चौक के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में अनूपपुर जिले के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के बरबसपुर निवासी निहाल चौहान और जसप्रीत सिंह बाइक से यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान श्रीवास्तव चौक के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन निहाल चौधरी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं जसप्रीत सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और परिचित अस्पताल तथा घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। पूरे बरबसपुर क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
बुढार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रक और बाइक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


