अनूपपुर : जिले में बोर्ड परीक्षा निर्विघ्न, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित कराएं सम्पन्न-सीईओ जिला पंचायत 

सीईओ जिला पंचायत ने बोर्ड परीक्षा के केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष की बैठक में दिए निर्देश  

अनूपपुर 5 फरवरी 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने आज जिला पंचायत सभागार में बोर्ड परीक्षा के संबंध में केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड की परीक्षा निर्विघ्न, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इस हेतु सभी परीक्षा केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई इत्यादि उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनातगी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था व अनुशासनहीनता की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रारंभ से लेकर समाप्ति तक बोर्ड परीक्षा के सभी नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षा केन्द्र पर नकल की घटना होने या परीक्षा की विश्वसनीयता एवं गोपनीयता भंग होने तथा अव्यवस्था फैलने की दशा में संबंधित केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष पर शासन के नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।  

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने अधिकारियों से गोपनीय परीक्षा सामग्री तथा प्रश्न पत्र के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु कन्ट्रोल रूम स्थापित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी इसमें लगाई जाए। जिससे परीक्षा केन्द्र में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जा सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को अवगत कराया गया कि जिले में कुल 59 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिसमें 10 वीं के 7885 तथा 12 वीं के 6314 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे।    

बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, जिला शिक्षा अधिकारी श्री तुलाराम आर्मो, सहायक संचालक शिक्षा विभाग श्री ओमकार सिंह धुर्वे, रमसा के जिला परियोजना समन्वयक श्री देवेश सिंह बघेल, परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्ष उपस्थित रहे।