अनूपपुर भाजपा कार्यालय में शुरू हुआ ‘सहयोग सेल’, जन समस्याओं की हुई त्वरित सुनवाई
अनूपपुर भाजपा कार्यालय में शुरू हुआ ‘सहयोग सेल’, जन समस्याओं की हुई त्वरित सुनवाई
शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों से तत्काल की गई चर्चा, समाधान का दिया भरोसा
अनूपपुर। भाजपा जिला संगठन द्वारा आमजन एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। भाजपा कार्यालय में ‘सहयोग सेल’ का शुभारंभ करते हुए प्रथम दिवस बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा की गई।
भाजपा के संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया, जिला प्रभारी संजय साहू एवं जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस सहयोग सेल का उद्देश्य जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल करना है।
सहयोग सेल के प्रथम दिवस मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, नगर पालिका कोतमा अध्यक्ष अजय सराफ एवं जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र भट्ट ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं।
जनता की समस्याओं को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखते हुए पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर चर्चा की और प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की दिशा में पहल की। इससे लोगों में भी अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी।
2 सितंबर को बिजुरी में होगी अगली सुनवाई
भाजपा के सहयोग सेल के अंतर्गत अगली जनसुनवाई 2 सितंबर को बिजुरी में आयोजित की जाएगी। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सहबिन पनिका एवं जिला उपाध्यक्ष मदन त्रिपाठी की उपस्थिति में आमजन एवं कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी जाएंगी।
भाजपा संगठन की इस पहल को स्थानीय स्तर पर जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


