अनूपपुर में ईद मिलादुन्नबी से शुरू होगा ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ अभियान, शिक्षा के लिए गरीब बच्चों को मिलेगी मदद
अनूपपुर में ईद मिलादुन्नबी से शुरू होगा ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ अभियान, शिक्षा के लिए गरीब बच्चों को मिलेगी मदद
अंजुमन कमेटी आयोजित करेगी विभिन्न कार्यक्रम, सदर लियाकत अली ने कहा—“पढ़ो-पढ़ाओ, राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें”
अनूपपुर। शिक्षा को समाज की तरक्की और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव मानते हुए अनूपपुर अंजुमन कमेटी मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष सनवर पटेल की मंसा अनुपरूप ‘पढ़ो-पढ़ाओ योजना’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगी । इस अभियान की शुरुआत अनूपपुर मे ईद मिलादुन्नबी के अवसर से किए जाने की तैयारी है।
अंजुमन कमेटी के सदर लियाकत अली ने बताया कि मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड की ‘पढ़ो-पढ़ाओ योजना’ का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए सहायता उपलब्ध कराना है।
*शिक्षा से जुड़े होंगे विभिन्न कार्यक्रम*
अंजुमन द्वारा अभियान के तहत विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों तक शैक्षणिक सहायता पहुंचाने की दिशा में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञों से उच्च शिक्षा के लिए मार्गदर्शन दिलाए जाएंगे |
*वक्फ की आय का शिक्षा में उपयोग*
लियाकत अली ने बताया कि योजना के माध्यम से वक्फ संपत्तियों एवं बोर्ड की आय का एक हिस्सा गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा पर खर्च किया जाता है। इसका उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो और प्रतिभावान विद्यार्थी आगे बढ़ सकें।
*समाज के लोगों से सहयोग की अपील*
अंजुमन सदर ने समाज के सक्षम लोगों से भी अपील की है कि वे जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करें और अधिक से अधिक बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं। शिक्षा के माध्यम से ही समाज को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
“पढ़ो-पढ़ाओ, राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें” के संदेश के साथ शुरू होने वाला यह अभियान विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


