अनूपपुर में निजी स्कूलों की अचानक छुट्टी, वैन संचालन बंद होने से मचा हड़कंप
अनूपपुर में निजी स्कूलों की अचानक छुट्टी, वैन संचालन बंद होने से मचा हड़कंप
अनूपपुर। जिला मुख्यालय अनूपपुर में शुक्रवार- शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कई अशासकीय (निजी) विद्यालयों ने अचानक बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी। बताया जा रहा है कि यातायात विभाग द्वारा स्कूल वैन के वैधता की जांच की जा रही है जिसके बाद स्कूल वैन संचालकों द्वारा वाहन संचालन बंद किए जाने के बाद स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों भी विद्यालय की छुट्टी घोषित कर दी |
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में यातायात विभाग द्वारा स्कूल वाहनों की जांच और कार्रवाई की संभावना के चलते कई वैन संचालकों ने अपने वाहन सड़कों से हटा लिए। चर्चा है कि इनमें से कई वाहन बिना वैध टैक्सी परमिट अथवा आवश्यक परिवहन नियमों का पालन किए बिना स्कूली बच्चों के परिवहन में लगाए जा रहे थे।
वैन संचालन ठप होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आवागमन की व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसके चलते कई निजी स्कूलों को आपातकालीन रूप से छुट्टी घोषित करनी पड़ी। अभिभावकों को भी अचानक सूचना मिलने के कारण बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंचना पड़ा।
यह मामला एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा, वैध परमिट, फिटनेस, बीमा और परिवहन नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब अभिभावकों की नजर प्रशासन और परिवहन विभाग की आगामी कार्रवाई पर है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर क्या कदम उठाए जाते हैं और बच्चों के सुरक्षित परिवहन के लिए क्या स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।


