बोरे में भरकर बच्ची ले जाने,का वीडियो निकला अफवाह, मानपुर पुलिस की त्वरित जांच में खुला पूरा सच।सोशल मीडिया में वायरल वीडियो से जिले में मचा हड़कंप, जांच में सामने आया – पिकअप से घर लौट रही थी 10 साल की बच्ची,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
बोरे में भरकर बच्ची ले जाने” का वीडियो निकला अफवाह, मानपुर पुलिस की त्वरित जांच में खुला पूरा सच।सोशल मीडिया में वायरल वीडियो से जिले में मचा हड़कंप, जांच में सामने आया – पिकअप से घर लौट रही थी 10 साल की बच्ची

मानपुर/उमरिया - सोशल मीडिया में एक बच्ची का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई। वीडियो में बच्ची यह कहते हुए दिखाई दे रही थी कि उसे बोरे में भरकर ले जाया गया और मानपुर के पास फेंक दिया गया। वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र में बच्चा चोरी की चर्चाएं तेज हो गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले ने तत्काल जांच शुरू कराई। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही बच्ची और उसके परिजनों से संपर्क किया तो पूरा मामला अफवाह निकला।
जांच में सामने आया कि बच्ची गौरी चौधरी (10 वर्ष) पिता रामदीन चौधरी, निवासी ग्राम ब्लौहड़ है। वह तीन-चार दिन पहले अपने नाना सुदामा चौधरी के यहां ग्राम झाल गई थी। मंगलवार को वह पिकअप वाहन से अपने घर लौट रही थी। पिकअप चालक मुन्नेलाल केवट आसपास के गांवों में रोजाना आना-जाना करता है और बच्ची तथा उसके परिजन उसे पहले से पहचानते हैं।
बताया गया कि मानपुर बस स्टैंड में चालक वाहन खड़ा कर नाश्ता करने चला गया। इसी दौरान बच्ची वाहन से उतरकर इधर-उधर चली गई। तभी किसी स्थानीय व्यक्ति ने बच्ची का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
इन दिनों क्षेत्र में बच्चा पकड़ने की अफवाह पहले से फैल रही थी, इसलिए वीडियो सामने आते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया। हालांकि मानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की सच्चाई सामने लाई और बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
उमरिया पुलिस अधीक्षक विजय भगवानी ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि किए बिना उसे साझा न करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


