अमरकंटक में स्कूल बस और ऑटो की भीषण भिड़ंत,एक की मौत

जलेश्वर धाम के पास हुआ दर्दनाक हादसा, ऑटो सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल

अमरकंटक। अमरकंटक में शनिवार को जलेश्वर धाम के पास स्कूल बस और ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो चालक सतीश जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में ऑटो में सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस सरस्वती स्कूल माध्यमिक विद्यालय, अमरकंटक की बताई जा रही है। जलेश्वर धाम के समीप अचानक स्कूल बस और ऑटो की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान ऑटो चालक सतीश जायसवाल ने दम तोड़ दिया, जबकि ऑटो सवार दो अन्य युवक गंभीर अवस्था में उपचाररत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा हादसे से जुड़े तथ्यों और वाहनों की स्थिति की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल
अमरकंटक जैसे धार्मिक और पर्यटन क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल बस और ऑटो की भिड़ंत ने यातायात व्यवस्था तथा वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।