नगर परिषद अध्यक्ष गीता गुप्ता के पत्र का असर, अमलाई रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ दिव्यांग शौचालय निर्माण

अमलाई (अनूपपुर)। नगर परिषद बरगवां (अमलाई) की अध्यक्ष श्रीमती गीता गुप्ता द्वारा अमलाई (AAL) रेलवे स्टेशन को स्वच्छ, सुंदर एवं सर्वसुविधायुक्त बनाने को लेकर उठाई गई आवाज अब रंग लाने लगी है। अध्यक्ष गीता गुप्ता ने 11 जून 2025 को डिवीजनल रेलवे मैनेजर, बिलासपुर (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) को पत्र लिखकर स्टेशन की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं की ओर ध्यान आकर्षित किया था।
अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि अमलाई रेलवे स्टेशन बिलासपुर–कटनी रेलखंड के बीच न केवल सबसे बड़े प्लेटफार्मों में शामिल है, बल्कि यह रेलवे के लिए आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत भी है। इसके बावजूद स्टेशन पर यात्रियों को कई मूलभूत असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
पत्र में प्रमुख रूप से स्टेशन परिसर के आसपास सड़क निर्माण एवं मरम्मत, सभी प्लेटफार्मों पर फल-फूल एवं खान-पान की दुकानों (स्टॉल) की व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए सभी प्लेटफार्मों पर रैम्प/ब्रिज निर्माण की मांग रखी गई थी।
नगर परिषद अध्यक्ष की इस पहल के बाद डीआरएम बिलासपुर कार्यालय में अमलाई की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखने लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमलाई रेलवे स्टेशन पर दिव्यांगजनों के लिए शौचालय का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह कदम विशेष रूप से दिव्यांग यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
रेलवे सूत्रों से यह भी सूचना मिली है कि आगामी चरण में स्टेशन पर लिफ्ट की सुविधा तथा कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को ट्रेन की स्थिति जानने में आसानी होगी और स्टेशन की आधुनिक सुविधाओं में और इजाफा होगा।
नगरवासियों एवं यात्रियों ने नगर परिषद अध्यक्ष गीता गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में अमलाई रेलवे स्टेशन वास्तव में स्वच्छ, सुंदर और सर्वसुविधायुक्त स्टेशन के रूप में विकसित होगा।