चंदवार की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

अनूपपुर - अनूपपुर जिले के ग्राम चंदवार के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम में स्थित शासन की भूमि (खसरा क्रमांक 90/1/1 एवं 90/1/2) जो नदी से जुड़ी हुई है, उस पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। ग्रामीणों ने इस संबंध में एक लिखित शिकायत पत्र जिला दंडाधिकारी को सौंपा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि शासन की है और इसका उपयोग नदी से सिंचाई एवं पशुओं को पानी पिलाने के लिए किया जाता है, लेकिन अवैध कब्जा होने से ग्रामवासियों को पानी की भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदी के जल स्रोत पर अवरोध होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और पशुओं को पानी पिलाने में भी कठिनाई उत्पन्न हो रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जब कोई इस अवैध कब्जे का विरोध करता है तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और धमकियां दी जाती हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित भूमि की स्थल जांच कराई जाए तथा अवैध कब्जाधारियों से भूमि को मुक्त कराया जाए ताकि ग्रामवासियों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।