8 अप्रैल को अनूपपुर में शिक्षकों की सभा व ज्ञापन कार्यक्रम,नौकरी सुरक्षा और वरिष्ठता की मांग: 8 अप्रैल को शिक्षकों का शक्ति प्रदर्शन
8 अप्रैल को अनूपपुर में शिक्षकों की सभा व ज्ञापन कार्यक्रम,नौकरी सुरक्षा और वरिष्ठता की मांग: 8 अप्रैल को शिक्षकों का शक्ति प्रदर्शन
अनूपपुर। मध्यप्रदेश में शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 8 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय अनूपपुर में सभा एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 12 बजे हनुमान मंदिर, सामतपुर तालाब परिसर में जिले के सभी शिक्षक साथी सामूहिक अवकाश लेकर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होंगे। आयोजकों ने विशेष रूप से महिला शिक्षकों (मातृ शक्ति) की भी अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति के लिए एसडीएम कार्यालय एवं संबंधित थाने में आवेदन दिया जा चुका है और शीघ्र ही अनुमति प्राप्त होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि “संख्याबल ही सफलता की कुंजी है, इसलिए सभी शिक्षक साथी एक दिन का समय निकालकर अपनी नौकरी की सुरक्षा और अधिकारों के लिए इस कार्यक्रम में जरूर शामिल हों।”
उन्होंने बताया कि इस दौरान शिक्षकों की दो प्रमुख मांगों को लेकर शासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें पहली मांग नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करने की है, जबकि दूसरी मांग पूर्व से कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त करने की है।
संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिक्षकों से विभिन्न माध्यमों से अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि भविष्य में भी मोर्चा द्वारा तय किए जाने वाले आंदोलनों में शिक्षक सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंचाया जा सके।


