जयसिंहनगर में खंड स्तरीय आनंद उत्सव कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन
जयसिंहनगर - जनपद पंचायत जयसिंहनगर द्वारा आयोजित खंड स्तरीय आनंद उत्सव कार्यक्रम का आयोजन आज जयसिंहनगर महाविद्यालय परिसर में हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के मध्य आपसी समन्वय, सौहार्द एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा।
आनंद उत्सव के अंतर्गत कुर्सी दौड़, रस्सा-कस्सी, कबड्डी एवं क्रिकेट जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्साह के साथ सहभागिता कर कार्यक्रम को जीवंत बनाया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। नगरपालिका परिषद जयसिंहनगर की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला शुक्ला, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर अनुविभागीय दंडाधिकारी जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जयसिंहनगर श्रीमती शिवानी जैन, तहसीलदार श्रीमती सुषमा, श्री अनुराग निगम (ए.पी.ओ.) सहित जनपद पंचायत एवं राजस्व विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि इस प्रकार के आयोजनों से कर्मचारियों में टीम भावना, आपसी सहयोग एवं शारीरिक-मानसिक स्फूर्ति का विकास होता है, जिससे कार्य दक्षता में सकारात्मक वृद्धि होती है।
सभी विभागों के समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता से खंड स्तरीय आनंद उत्सव कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।