सिंध समाज ने अमित बघेल के आपत्तिजनक बयान के विरोध में पुलिस को सौंपा ज्ञापन,,रिपोर्ट @राजकुमार गौतम उमरिया
सिंध समाज ने अमित बघेल के आपत्तिजनक बयान के विरोध में पुलिस को सौंपा ज्ञापन

पाली (उमरिया)।पूज्य सिंधु सनातन पंचायत, बिरसिंहपुर — पाली के प्रतिनिधियों ने रायपुर निवासी अमित बघेल द्वारा भगवान वरुण देव और भगवान झूलेलाल जी के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में पुलिस अधीक्षक उमरिया के नाम नगर निरीक्षक श्री राजेशचंद्र मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को अमित बघेल ने सोशल मीडिया पर सिंध समाज के आराध्य देवताओं के संबंध में अमर्यादित एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे सिंध समाज ही नहीं बल्कि करोड़ों सनातनियों की धार्मिक भावनाएँ गहराई से आहत हुई हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि आरोपी का यह कृत्य धार्मिक उन्माद फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और देश की एकता को कमजोर करने का प्रयास है। समाज ने इसे देश के संविधान में प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता और आस्था पर सीधा आघात बताया है।
सिंध समाज ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा कि उनका समाज भारत का देशभक्त, शांतिप्रिय और सभ्य समाज है, जिसके अनेक वीरों ने — जिनमें अमर शहीद हेमू कालाणी जैसे सेनानी शामिल हैं — देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। विभाजन के समय सिंध प्रांत पाकिस्तान के हिस्से में चला जाने के बावजूद समाज ने भारत की एकता और निष्ठा बनाए रखी और आज भी सच्चे भारतीय नागरिक के रूप में जीवनयापन कर रहा है।
समाज ने मांग की है कि आरोपी अमित बघेल के खिलाफ देश की शांति, सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द भंग करने के प्रयास के लिए भारतीय दंड संहिता की उचित धाराओं के तहत — आवश्यकता पड़ने पर देशद्रोह की धारा सहित — एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन पर पंचायत और समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। सभी ने प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले में तत्काल संज्ञान लेकर शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


