ग्राम भेजरी में पोषण शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान कार्यशाला का शुभारंभ श्रीशील मण्डल की अध्यक्ष श्रीमती शीला त्रिपाठी  करकमलों द्वारा हुआ

अमरकंटक-  इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक, द्वारा ग्राम भिजरी में पोषण शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन आजीविका व्यवसाय एवं प्रशिक्षण तथा गृह विज्ञान विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीशील मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शीला त्रिपाठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी एवं स्वच्छता के विषय में अलग-अलग उदाहरणों के माध्यम से समझाने का प्रयास किया उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी का सपना तभी साकार होगा जब देश की महिलाएं स्वस्थ रहेगी। इसके लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं इसी क्रम में विश्वविद्यालय एवं श्रीशील मंडल द्वारा समय-समय पर आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाता है। हमारे वेद पुराणों में भी कहां गया है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ विचारों का प्रवाह होता है अतः हमें स्वयं के साथ-साथ अपने घर को पास पड़ोस को अपने गांव को भी स्वच्छ रखना है। स्वच्छता की मिसाल घर से शुरू होती है, घर नारी से बनता है। सबसे अच्छा होगा कि हम आओ बैठ बातें करें के माध्यम से एक दूसरे को बताएं। एक दूसरे की समस्याओं का समाधान करें। आप सभी को बे झिझक विश्वविद्यालय के शिक्षकों से बात करना चाहिए और अपनी समस्या को उनके समक्ष रखना चाहिए। श्रीशील मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शीला त्रिपाठी जी का स्वागत स्वयं सहायता समूह कि लेखपाल श्रीमती भानुमति यादव ने किया।
कार्यक्रम की संयोजक प्रोफेसर पूनम शर्मा जी ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए सभी को स्वास्थ्य के साथ-साथ यौन संक्रमित बीमारियों के बारे में विस्तार से बताया इसी क्रम में पोषण शिक्षा विषय पर डॉक्टर अमृता सिंह ने अपने विचार रखें वहीं दूसरी ओर व्यक्तिगत स्वच्छता एवं दैनिक जीवन में इसके महत्व को डॉक्टर जय शर्मा ने बताया। संतुलित आहार एवं दैनिक जीवन में इसके महत्व पर डॉक्टर के. वेंकटेशन ने अपना व्याख्यान दिया। डॉक्टर मालती लोधी ने हमें क्या खाना चाहिए क्या नहीं इस पर अपना व्याख्यान दिया। कार्यक्रम के अंत में नुक्कड़ नाटक 'मुनिया की शादी' के माध्यम से पोषण शिक्षा को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव डॉक्टर अमृता सिंह ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में डॉक्टर पूनम पांडे एवं गौरव सिंह उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर विजय कुमार दीक्षित द्वारा किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं की उपस्थिति दर्ज की गई।