एक्स-रे मशीन में सोता मिला यात्री, अनूपपुर RPF की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

लाखों की मशीन बनी शोपीस, मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल—जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल

अनूपपुर। अनूपपुर रेलवे जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेल सुरक्षा बल (RPF) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा जांच के लिए लाखों रुपये की लागत से स्थापित की गई एक्स-रे मशीन के अंदर एक यात्री के सोते हुए मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

बताया जा रहा है कि गत दिवस स्टेशन के मुख्य द्वार पर लगी एक्स-रे मशीन के अंदर एक यात्री घुसकर आराम से सोता हुआ नजर आया। यह स्थिति सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस मशीन से यात्रियों के सामान की जांच की जानी है, वहां कोई व्यक्ति अंदर तक कैसे पहुंच गया और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी?

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी RPF को सौंपी गई है। इसके बावजूद मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थापित सुरक्षा उपकरण की निगरानी में इस तरह की लापरवाही सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। यदि कोई यात्री एक्स-रे मशीन के अंदर जाकर सो सकता है, तो सुरक्षा जांच व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

सुरक्षा उपकरण की निगरानी कौन कर रहा है?

रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए महंगे सुरक्षा उपकरण यदि बिना निगरानी के पड़े रहें और कोई व्यक्ति उनमें प्रवेश कर जाए, तो यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक मानी जा सकती है।

घटना के बाद यात्रियों के बीच भी चर्चा है कि जब एक व्यक्ति खुलेआम एक्स-रे मशीन के अंदर जाकर सो गया और किसी सुरक्षा कर्मी ने उसे समय रहते नहीं रोका, तो स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी किस स्तर पर की जा रही है?

अनूपपुर रेलवे स्टेशन जिले का प्रमुख रेलवे जंक्शन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन सकती है।

अब देखना यह होगा कि RPF के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस लापरवाही को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।