पाली में एसिड अटैक, महिला गंभीर रूप से झुलसी, आरोपी गिरफ्तार

पाली (उमरिया) थाना पाली अंतर्गत ग्राम मझगवां चौकी घुनघुटी में 26 सितम्बर की रात एक महिला पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

पीड़िता फूलबाई बैगा पति स्व. संतोष बैगा (50 वर्ष) निवासी ग्राम मझगवां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना वाले दिन वह अपने घर पर सो रही थी। तभी गाँव का ही रामजियावन उर्फ गुड्डा बनिया अपने एक साथी के साथ घर आया और उस पर किसी शीशी से तेजाब जैसी तरल वस्तु फेंक दी।

हमले में फूलबाई के चेहरे, गर्दन, हाथ और बाजू पर गंभीर जलन हो गई। शरीर पर कई जगह फफोले और घाव बने हैं।

घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल शहडोल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी अस्पताल से तहरीर प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की गई। जांच के उपरांत आरोपी रामजियावन को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 512/25, धारा 124(1), 331(5), 3(5)3, 2V SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।