सरकार की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आयुक्त का औचक निरीक्षण,,रिपोर्ट@अजय यादव बाँदा
सरकार की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आयुक्त का औचक निरीक्षण
बांदा चित्रकूटधाम मण्डल, के आयुक्त अजीत कुमार द्वारा आज पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, राजेश एस के साथ तिन्दवारी में आयोजित समाधान दिवस में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयुक्त महोदय ने समाधान दिवस में आये फरियादियों की शिकायतों को गम्भीरता से सुना एवं उप जिलाधिकारी, बाँदा सदर को निर्देशित किया कि समस्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। साथ ही उपस्थित पुलिस कर्मियों से मिशन शक्ति के सफल क्रियान्वयन हेतु की गई तैयारियों पर विस्तृत वार्ता की गयी।
समाधान दिवस के उपरान्त आयुक्त महोदय द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण कर विभिन्न जनकल्याणकारी स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से एवं पारदर्शी रूप से पहुँचे, जिसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी पूर्ण निष्ठा से निभानी होगी।
1. बी-पैक्स दक्षिणी तिन्दवारी
निरीक्षण में खाद की अनुपलब्धता एवं नोटिस बोर्ड न लगे होने की शिकायत पर आयुक्त महोदय ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता को निर्देशित किया कि खाद वितरण व्यवस्था पूर्ण पारदर्शिता के साथ हो। प्रत्येक केन्द्र पर पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग लाइनें लगाई जाएँ, जिसमें वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्तियों को प्राथमिकता मिले। सभी केन्द्रों पर खाद की उपलब्धता सम्बन्धी सूचना नोटिस बोर्ड पर अंकित की जाये तथा शिकायत दर्ज कराने हेतु अधिकारियों के मोबाइल नम्बर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराए जाएँ। किसी भी दशा में अवैध भण्डारण, कालाबाजारी अथवा औद्योगिक डायवर्जन जैसी शिकायतें प्राप्त न हों।
2. प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तिन्दवारी
निरीक्षण के दौरान चिकित्सीय स्टाफ उपस्थित मिला तथा टीकाकरण सत्र सुचारू रूप से संचालित पाया गया। किन्तु परिसर में छत जर्जर, बिजली के खुले पाइप तथा दीवारों पर काई जमी पायी गयी। आयुक्त महोदय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बाँदा को तत्काल इन कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए। साथ ही केन्द्र प्रभारी को यह सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया कि डाक्टरों की नियमित उपस्थिति, पेयजल, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता एवं टीकाकरण कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।
3. आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुंगुस
यहाँ पर सीएचओ श्रीमती मनोरमा देवी द्वारा महिलाओं को “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” के तहत जागरूक करने तथा समय पर टीकाकरण कराने की जानकारी दी गयी। आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाएँ नियमित रूप से दी जाएँ तथा आशा बहुओं के सहयोग से प्रत्येक पात्र महिला एवं बच्चे तक आवश्यक दवाओं एवं टीकाकरण की सुविधा पहुँचे।
4. सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवन मुंगुस
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि सामुदायिक शौचालय की विगत तीन माह से सफाई नहीं हुई तथा पंचायत भवन में स्थापित सीएससी केन्द्र केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। आयुक्त महोदय ने इस पर गंभीर असन्तोष व्यक्त करते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी, बाँदा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये।
आयुक्त महोदय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है – जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण, जनहित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही की स्थापना। अधिकारी एवं कर्मचारी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखें।


