शुभम के प्रयासों से कब्रिस्तान में जलभराव की समस्या हुई दूर
कब्रिस्तान में जलभराव की समस्या दूर करने नगर पालिका ने शुरू कराया सफाई एवं निकासी कार्य
अनूपपुर। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 2 स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। बारिश के दौरान कब्रिस्तान परिसर में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन के साथ-साथ दफन क्रियाओं में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिसको लेकर अनूपपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने नगर पालिका अनूपपुर को उक्त गंभीर समस्या से अवगत कराया
समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अनूपपुर के मनोनीत पार्षद शुभम ठाकुर के प्रयासों से कब्रिस्तान के जलभराव वाले क्षेत्र में साफ-सफाई एवं पानी की निकासी का कार्य कराया गया। सफाई के दौरान जल निकासी के रास्ते में जमा कचरे एवं अन्य अवरोधों को हटाया गया, जिससे कब्रिस्तान परिसर में जमा पानी की निकासी संभव हो सकी।
नगर पालिका के इस प्रयास से स्थानीय मुस्लिम समाज के लोगों को राहत मिली है। बारिश के दिनों में कब्रिस्तान में जलभराव की समस्या को देखते हुए लोगों ने सफाई और जल निकासी की व्यवस्था को आवश्यक बताया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कब्रिस्तान जैसे सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थल की नियमित साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। वहीं, पार्षद शुभम ठाकुर के प्रयास से तत्काल समस्या का समाधान किए जाने पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया है।
जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए आगे भी नालियों एवं जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान दोबारा पानी जमा न हो।


