श्री कल्याण सेवा आश्रम में शारदीय नवरात्र महोत्सव का हुआ समापन,विजयादशमी पर किया गया विशाल भंडारा और वस्त्र वितरण,,संवाददाता - श्रवण उपाध्याय 

अमरकंटक - माँ नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित श्री कल्याण सेवा आश्रम में आयोजित नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र महोत्सव का समापन विजयादशमी के पावन दिवस भव्य और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ । इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना , देवी अभिषेक , ध्वजारोहण पूजन तथा विशाल नगर भंडारे का आयोजन किया गया ।

नवरात्र के नौ दिनों तक माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना वैदिक विधि-विधान से की गई । चंडी पाठ , श्रीसूक्त पाठ , निशा हवन , खड्ग आरती और महाआरती ने पूरे वातावरण को दिव्यता से भर दिया । प्रतिदिन देवी भागवत कथा का आयोजन होता रहा , जिसमें श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण और रसपान किया ।

विजयादशमी पर देवी राजराजेश्वरी पारंबा आदिशक्ति का विशेष अभिषेक काशी से आए आचार्यों एवं संतों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ । ध्वजारोहण पूजन के तहत आश्रम ध्वजा को नए ध्वज के साथ प्रतिष्ठित किया गया ।

भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया । ग्रामीण अंचलों से आए लोगों को साड़ी और कंबल भी वितरित किए गए ।

 आश्रम के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्रि मुनि जी महाराज ने बताया कि प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं को भोजन और वस्त्र वितरण का आयोजन बाबा कल्याण दास जी महाराज के आशीर्वाद एवं पारंबा माँ नर्मदा की कृपा से सम्पन्न होता चला आ रहा है ।

कार्यक्रम में खास उपस्थित संतों में स्वामी हिमाद्रि मुनि जी , स्वामी जगदीशानंद जी , स्वामी धर्मानंद जी , स्वामी भरत दास जी (अयोध्या) , स्वामी प्रणव मुनि जी (अंबिकापुर आश्रम) , स्वामी शांतानंद जी , स्वामी महादेवानंद जी , स्वामी सुंदरानंद जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही ।

इस तरह श्रद्धा , भक्ति और साधना से ओतप्रोत नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र महोत्सव का समापन विजयादशमी पर भक्ति , भंडारे और वस्त्र वितरण के साथ संपन्न हुआ ।