पाली नगर में झूलती बिजली की तारें बनीं हादसे का खतरा, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
पाली नगर में झूलती बिजली की तारें बनीं हादसे का खतरा, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन

पाली (उमरिया) - पाली नगर के प्रमुख मार्गों पर वर्षों से झूल रही बिजली की तारें आमजन के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। इसी को लेकर युवा कांग्रेस पाली ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, पाली के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधार की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि माता बिरासिनी मंदिर से लेकर बस स्टैंड तक बिजली विभाग की कई लाइनें बेहद नीचे झूल रही हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों की आवाजाही होती है। साथ ही धार्मिक आयोजनों, जुलूसों एवं प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान यह स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
इस अवसर पर युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी ने कहा कि माता बिरासिनी मंदिर नगर का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां आए दिन धार्मिक कार्यक्रम होते रहते हैं। सड़क के ऊपर से गुजर रही कम ऊंचाई वाली बिजली की तारें श्रद्धालुओं, बच्चों एवं आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बनी हुई हैं, लेकिन लंबे समय से इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि एक माह के भीतर झूलती हुई तारों को व्यवस्थित कर उनकी ऊंचाई मानक अनुसार की जाए, अन्यथा युवा कांग्रेस को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
इस दौरान सनू प्रकाश उपाध्याय जिला सचिव युवा कांग्रेस रबी प्रजापति, जावेद खान, दुर्गेश नामदेव, नीतेश शुक्ला, साजिद वारशी सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।


