पाली–शहडोल मार्ग पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन , नारेबाजी करते हुए एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
पाली–शहडोल मार्ग पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नारेबाजी करते हुए एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पाली (उमरिया) - शासकीय बालक एवं कन्या विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय युवा कांग्रेस पाली ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पाली बस स्टैंड से पैदल नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुँचे, जहां एसडीएम मीनाक्षी बंजारे को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि विरसिंहपुर–पाली क्षेत्र में संचालित शासकीय बालक एवं कन्या विद्यालय शहडोल मुख्य मार्ग पर स्थित हैं, जहां पढ़ने वाले अधिकांश छात्र-छात्राएं दूर-दराज के गांवों से प्रतिदिन आना-जाना करते हैं। विद्यार्थियों को मुख्य सड़क पर पैदल गुजरना पड़ता है, जहां भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही बनी रहती है। इससे न केवल दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, बल्कि अभिभावक भी लगातार भयभीत हैं।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि तेज गति से दौड़ते वाहन, अव्यवस्थित यातायात और राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी प्रकार की नियंत्रित व्यवस्था न होने के कारण विद्यार्थियों की जान जोखिम में रहती है। पूर्व में भी विद्यालय संचालन के समय सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि
विद्यार्थियों के लिए नियमित स्कूल बस सेवा तत्काल प्रारंभ की जाए।
पाली–शहडोल एवं पाली–उमरिया मुख्य मार्ग पर विद्यालय लगने व छुट्टी के समय नो-एंट्री अथवा विशेष यातायात नियंत्रण व्यवस्था लागू की जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों पर अमल नहीं किया गया तो संगठन जनसमर्थन के साथ आंदोलन करेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान रवि मिश्रा, शनू उपाध्याय, नारायण पांडे, रजनीश तिवारी, भोला साहू, बंटी वर्मा, विजय गुप्ता, जावेद खान, रवि प्रजापति, सुनील साहू, वसीम रिजवी, जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीष सिंह, अरुण सिंह, रमेश सिंह सेंगर, रामबिहारी उपाध्याय, कैलाश शर्मा, दुर्गेश नामदेव, लक्ष्मण गुप्ता, रिक्की सेन, रामसिंह बघेल, हर्ष अवधिया सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


