जय जवान-जय किसान” के नारों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, स्लॉट बुकिंग सिस्टम पर फूटा गुस्सा,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
जय जवान-जय किसान” के नारों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, स्लॉट बुकिंग सिस्टम पर फूटा गुस्सा
उमरिया। एक ओर सरकार किसानों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ज़मीन पर हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। अपने ही पसीने से उगाए अनाज को बेचने के लिए किसान इन दिनों तकनीकी सिस्टम की मार झेल रहे हैं।

स्लॉट बुकिंग की समस्या ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
इसी नाराजगी के बीच जिले के कई गांवों के किसान “जय जवान-जय किसान” के नारों के साथ उमरिया कलेक्ट्रेट पहुंच गए और मोर्चा खोलते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
किसानों का कहना है कि 2026-27 की खरीदी प्रक्रिया में स्लॉट बुकिंग नहीं हो पाने के कारण वे मंडियों में घंटों-घंटों तक भटकने को मजबूर हैं। भीषण, झुलसा देने वाली गर्मी में अपने अनाज से भरे वाहन लेकर पहुंचने वाले किसान ना तो समय पर तौल करा पा रहे हैं और ना ही उन्हें कोई राहत मिल रही है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि मंडियों में न छांव की व्यवस्था है, न पानी की—ऐसे में किसान तपती धूप में इंतजार करने को मजबूर हैं। कई बार पूरा दिन गुजर जाने के बाद भी उनका नंबर नहीं आता, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने साफ कहा कि यह सिर्फ तकनीकी खामी नहीं, बल्कि व्यवस्था की बड़ी लापरवाही है। उन्होंने मांग की है कि स्लॉट बुकिंग सिस्टम को तत्काल दुरुस्त किया जाए और मंडियों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आज का यह विरोध प्रदर्शन साफ संकेत है कि खेतों में पसीना बहाने वाला किसान अब अपनी हक की लड़ाई सड़कों पर लड़ने को मजबूर हो चुका है।



rn
rn
rn
rn
rn