हर भारतीय का यह दायित्व है कि संविधान के प्रति निष्ठा एवं आदर की भावना रखे-देवेंद्र कुमार तिवारी

हर भारतीय का यह दायित्व है कि संविधान के प्रति निष्ठा एवं आदर की भावना रखे-देवेंद्र कुमार तिवारी
अनूपपुर- केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर में हर्ष और उल्लास के साथ संविधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा कार्यक्रम को सफल बनाया। प्रातः कालीन प्रार्थना सभा से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जिसमें विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र कुमार तिवारी ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात आर.जी.प्रजापति, टीजीटी हिंदी ने संविधान दिवस के आयोजन के बारे में अपने संक्षिप्त विचार छात्रों के समक्ष रखा। इसके उपरांत प्रचार्य देवेंद्र कुमार तिवारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षको को संविधान की प्रस्तावना के पाठ के माध्यम ध्यम से संविधान में निहित मूल्यों का पालन करने की प्रतिज्ञा दिलाई। प्राचार्य ने इसके उपरांत छात्र-छात्राओं को संविधान की विस्तृत जानकारी दी यथा संविधान दिवस हम क्यों मनाते हैं...? संविधान का निर्माण कैसे हुआ, भारतीय संविधान की क्या विशेषताएं हैं, नागरिक के रूप में हमारे मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य आदि की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अंत में कहा कि हर भारतीय का यह दायित्व है कि संविधान के प्रतिनिष्ठा एवं आदर की भावना रखे। प्रार्थना सभा के उपरान्त वरिष्ठ विद्यार्थियों के बीच संविधान के बारे में समूह चर्चा आयोजित की गई। तथा विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियो ने संविधान के विषय में आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त किया।