उमरिया कलेक्टर के नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी, लोगों से ठगी का प्रयास

उमरिया। जिले में ठगी के नए तरीके का मामला सामने आया है। कलेक्टर धरेन्द्र जैन के नाम से किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को मैसेज भेजे हैं। इन मैसेज में कथित तौर पर खुद को कलेक्टर बताकर एक CRPF अधिकारी के स्थानांतरण का हवाला देते हुए घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स सस्ते दामों पर बेचने की बात कही जा रही है। साथ ही लोगों से मोबाइल नंबर लेकर संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर धरेन्द्र जैन ने स्पष्ट किया है कि इन मैसेजों से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि कोई अज्ञात शख्स उनके नाम और तस्वीर का उपयोग कर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहा है।

कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी भ्रामक संदेश या ऑफ़र पर भरोसा न करें और न ही अपनी निजी जानकारी साझा करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

अब देखना होगा कि पुलिस-प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और फर्जी आईडी बनाने वाले आरोपी तक कितनी जल्दी पहुँच पाता है। साथ ही यह भी सवाल है कि उस फर्जी आईडी को आखिर कब तक बंद किया जाएगा, अन्यथा कहीं अनजाने में कोई इस जालसाज के जाल में न फँस जाए।