8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, गैस कटर से काटना पड़ा पूरा केबिन,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, गैस कटर से काटना पड़ा पूरा केबिन
उमरिया/पाली — घुनघुटी बस स्टैंड के पास हुए भीषण हादसे में फंसे ट्रक चालक अर्जुन उर्फ रिंकू यादव को लगभग 8 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसा रात 2 बजे हुआ था और तब से लेकर सुबह तक लगातार राहत कार्य चलता रहा।
*गैस कटर से काटना पड़ा केबिन*
चालक का पैर केबिन की लोहे की संरचना में बुरी तरह फंस जाने के कारण उसे बाहर निकालना बेहद कठिन हो गया था। इसके बाद पुलिस ने गैस कटर बुलवाया और सावधानीपूर्वक ट्रक की पूरी केबिन काटी गई। करीब एक घंटे की कटिंग प्रक्रिया के बाद चालक को निकालना संभव हो सका।
*घुनघुटी पुलिस की लगातार मौजूदगी — सम्मानजनक प्रयास*
घुनघुटी चौकी का पूरा स्टाफ और थाना प्रभारी पाली पूरी रात मौके पर मौजूद रहे। बिना रुके लगातार प्रयासों के चलते रेस्क्यू सफल हो पाया। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस के इस मानवीय और निरंतर प्रयास की प्रशंसा की है।
*108 की टीम रातभर तैनात — ट्रक में ही चलता रहा इलाज*
दुर्घटना के बाद से ही 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर डटी रही। चालक फंसा होने के बावजूद मेडिकल टीम ने वहीं केबिन में ड्रिप, पेन किलर इंजेक्शन और आवश्यक उपचार दिए, जिससे उसकी हालत नियंत्रित बनी रही।
चालक को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया
बाहर निकालने के बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
*लोगों ने राहत की सांस ली*
लगातार 8 घंटे चली जिंदगी और मौत की इस जंग के बाद चालक को जिंदा बाहर निकलते देख मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस व मेडिकल टीम की सराहना की।
स्थानीय नागरिक अब भी ढाबों के पास अनियंत्रित ट्रक पार्किंग पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि आगे ऐसे हादसों पर रोक लग सके।


