उमरिया में खनन माफियाओं की दबंगई, वन रक्षक पर डंडों से हमला कर किया घायल

उमरिया - जिले में खनन माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामले में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने पहुँची वन विभाग की टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले में वन रक्षक रमाशंकर चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आई है, जिस पर डॉक्टरों ने पाँच टांके लगाए हैं।

घटना सामान्य वन मंडल उमरिया के चंदिया परिक्षेत्र के सलैया गाँव तिराहे की है। जानकारी के अनुसार, जब वन अमले ने जंगल से रेत लोड कर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका, तभी खनन माफियाओं ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने घायल वनकर्मी का मोबाइल फोन भी छीन लिया।

घायल को तत्काल चंदिया अस्पताल लाकर भर्ती किया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

वन रक्षक रमाशंकर चौधरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उन पर सत्येन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह, समी सिंह, आसू सिंह, निरंजन सिंह और राहुल सिंह ने मिलकर हमला किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।