प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से कलेक्टर हुए रूबरू विद्यार्थियों से खेल जीवन तथा खेल की आवश्यक सामग्रियों की ली जानकारी

प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से कलेक्टर हुए रूबरू
विद्यार्थियों से खेल जीवन तथा खेल की आवश्यक सामग्रियों की ली जानकारी
अनूपपुर। खेल गतिविधियों में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं से कलेक्टर आशीष वशिष्ठ रूबरू हुए। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आज जिलेभर के खिलाड़ी छात्र-छात्राओं कोे आमंत्रित किया था। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा तथा संयुक्त कलेक्टर दिलीप पाण्डेय सहित जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा तथा युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित थे। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने खिलाड़ी छात्र-छात्राओं से उनके खेल जीवन की जानकारी ली तथा प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल तैयारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के बारे में जाना। एकलव्य आदर्ष उ.मा. विद्यालय, क्रीड़ा परिसर अमरकंटक, मॉडल स्कूल अनूपपुर एवं जैतहरी, उ.मा. विद्यालय लखौरा एवं अमलाई के छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर से रू-ब-रू होते हुए अपने खेल जीवनी को साझा किया तथा उन्हें खेल की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाने वाली खेल प्रतियोगिताओं में जिले की प्रतिभागिता सुनिश्चित कराने के लिए खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी होना जरूरी है, ताकि जिले के विद्यार्थी खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपना मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि खेल कैलेण्डर की जानकारी सभी खिलाड़ियों को हो इसके लिए खेल अधिकारी समन्वय से जानकारी लेकर खिलाड़ियों को अवगत कराने के साथ प्रतियोगिताओं में सहभागिता सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास से ही उन्हें प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त होगी। कलेक्टर ने जिले में फुटबाल, हॉकी की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एथलीट गेम, कबड्डी, लांग जम्प, गोला फेंक, स्वीमिंग, बैडमिंटन, बालीवाल आदि खेल क्षेत्रों में जिले के छात्र-छात्राएं अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। खिलाड़ी छात्र मिथलेश सिंह, दिव्या टेकाम, देवराज सिंह, खुशबू, रोशनी, शिवम सिंह आदि ने अपने-अपने खेल यात्रा तथा अनुभव के संबंध में जानकारी साझा की।