मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद उपेक्षित हुआ पाली प्रोजेक्ट का मैदान, गंदगी से पट गया खेल मैदान,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद उपेक्षित हुआ पाली प्रोजेक्ट का मैदान, गंदगी से पट गया खेल मैदान
पाली (उमरिया)- जहां एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर उमरिया जिले का पूरा प्रशासन जमीन-आसमान एक कर देता है, वहीं कार्यक्रम बीतते ही उसी स्थल की दुर्दशा किसी तमाचे से कम नहीं लगती। ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला पाली प्रोजेक्ट की गोरइया पंचायत के उस मैदान में, जहां 4 जून को राज्य स्तरीय 'पेशा कार्यक्रम' आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम से पांच दिन पहले से संभागीय, जिला और नगर प्रशासन के अधिकारियों ने मैदान के इर्द-गिर्द सफाई और सजावट का जिम्मा संभाल रखा था। हर गड्ढे को भरा गया, हर कोना चमकाया गया—मानो यह मैदान नहीं, किसी राजधानी का वीआईपी स्थल हो। लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर कार्यक्रम स्थल से उड़ा, अधिकारी भी उसी रफ्तार से गायब हो गए। आज, महज कुछ दिनों में, वही मैदान गंदगी, प्लास्टिक कचरे और अव्यवस्था का अड्डा बन चुका है।
यह मैदान केवल एक कार्यक्रम स्थल नहीं था। यह कोल माइंस की रिहायशी कॉलोनी के बीचों-बीच एकमात्र खेल मैदान है, जहां न सिर्फ युवा खिलाड़ी अभ्यास करते थे, बल्कि सुबह-शाम स्थानीय लोग वॉक के लिए भी आया करते थे। कार्यक्रम के बाद छोड़ी गई गंदगी ने इस मैदान को बेकार कर दिया है। बच्चे अब खेल नहीं पा रहे, न ही बुजुर्गों और महिलाओं की वॉक जारी है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि प्रशासन ने कार्यक्रम के नाम पर उनके इकलौते सार्वजनिक स्थान को छीन लिया और अब उसके रखरखाव की कोई जिम्मेदारी नहीं ले रहा। नाराज नागरिकों ने जिले के कलेक्टर से मांग की है कि मैदान को तत्काल प्रभाव से पूर्व की स्थिति में लाया जाए, ताकि वह फिर से बच्चों के खेलने और नागरिकों के उपयोग में आ सके।
एक स्थानीय नागरिक ने तंज कसते हुए कहा, "लगता है प्रशासन के लिए जनता से ज्यादा महत्वपूर्ण कैमरों के सामने की सफाई है, न कि कार्यक्रम के बाद की जिम्मेदारी।"
अब सवाल यह है: क्या प्रशासन केवल 'दिखावे' तक सीमित रह गया है? क्या आम जनता की जरूरतें और सुविधाएं केवल बड़े आयोजनों के दिन तक सीमित हैं?
जवाब अभी बाकी है... पर सवाल ज़रूरी है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कुछ दिन बाद की यह तस्वीर मैदान की बदहाली को साफ दिखाती है।