गोबर गैस टैंक में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, जैतहरी में शोक की लहर

 

अनूपपुर/जैतहरी। जिले के जैतहरी क्षेत्र के ग्राम गोरसी में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य श्री विजय राठौर के पुत्र अजय राठौर की अपने घर में बने गोबर गैस (बायोगैस) टैंक में गिरने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय राठौर किसी कारणवश घर में बने गोबर गैस टैंक के पास पहुंचे, जहां उनका पैर फिसल गया और वे टैंक में गिर गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही अजय राठौर ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अजय के असामयिक निधन से गोरसी सहित पूरे क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है। बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके निवास पहुंचे।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर घरों में बने गोबर गैस टैंकों के आसपास सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को उजागर किया है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।