गौशाला बनी मौत की गौशाला
उमरिया जिले के पाली जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मुदरिया ग्राम कुमुर्दु स्थित नंद गौशाला में लापरवाही का ऐसा दर्दनाक मंजर सामने आया है कि देखने वालों की रूह कांप जाए। बीते 24 घंटों में यहाँ 3 गायों ने दम तोड़ दिया, जिनके शवों पर कौवे आँखें नोचते देखे गए। हैरानी की बात यह है कि गौशाला में न तो चारे की व्यवस्था है, न पानी की, और न ही कोई देखरेख करने वाला। जबकि गौशाला परिसर में चौकीदार का कक्ष बना हुआ है, जिसमें ताला लटक रहा है।

यह हाल तब है जब मुख्यमंत्री के मंशुबों के अनुरूप बीते दिनों उमरिया कलेक्टर धरनेन्द्र जैन ने जिले की सभी नगर पालिकाओं और जनपदों को आदेश जारी किया था कि सड़कों और गलियों में विचरण करने वाली गायों को सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाया जाए, ताकि खुले में भटकने और दुर्घटनाओं से उनकी असमय मौत रोकी जा सके। लेकिन दुखद विडंबना है कि जिन गायों को बचाने के लिए यह आदेश निकाला गया, वे ही अब गौशाला संचालक की लापरवाही से मौत के मुंह में जा रही हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और जिम्मेदार विभाग को इस अमानवीय लापरवाही पर तुरंत संज्ञान लेकर दोषियों पर कठोर कार्यवाही करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।