चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला जबलपुर जा रहे परिवार की सूझबूझ से बची जान
 उमरिया / पाली - उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोर्चा फाटक के पास शहडोल-कटनी मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई।


जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक MP-20-CG-8727 में सवार सभी लोग शहडोल के एमआर सिटी के निवासी थे, जो जबलपुर की ओर जा रहे थे। कार में शैलेश सिंह के साथ उनके परिवार की दो महिलाएं भी सवार थीं।
रास्ते में अचानक वाहन से धुआं उठता देख चालक शैलेश सिंह ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोका और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में कार के अगले हिस्से में आग फैल गई।


घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।


इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। आग बुझने के बाद यातायात पुनः सुचारू कर दिया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।