छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे विष्णुदेव साय; भाजपा विधायक दल की बैठक में लिया गया फ़ैसला

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे विष्णुदेव साय; भाजपा विधायक दल की बैठक में लिया गया फ़ैसला
3 और 4 दिसंबर को पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए थे। दो राज्यों में सरकार बन चुकी है। रविवार को ऐलान कर दिया गया कि विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कौन मुख्यमंत्री होगा इसके लिए मंथन जारी है। भाजपा नेतृत्व अभी तक इन दोनों राज्यों में शानदार बहुमत के बावजूद, मुख्यमंत्री और मंत्रियों की लिस्ट तैयार नहीं कर सका है। तीनों राज्यों के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। राजनाथ सिंह को राजस्थान की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर दो अन्य नेताओं के साथ मध्य प्रदेश जाएंगे। आपको बता दें कि भोपाल में सोमवार को भाजपा विधायक दल की बैठक होने वाली है। छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सर्बानंद सोनोवाल को दी गई थी, जिसके बाद विष्णुदेव साय का नाम सामने आया। तीनों राज्यों के तमाम सियासी हलचल के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ बने रहें।
54 विधायकों की बैठक में आया विष्णुदेव साय का नाम
विष्णु देव साय को रविवार को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में चुना है। इससे यह सस्पेंस खत्म हो गया कि राज्य का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में विष्णुदेव साय की घोषणा राज्य में भाजपा के नवनिर्वाचित 54 विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद रायपुर में हुई।
कौन हैं विष्णुदेव साय?
भाजपा ने हाल ही में संपन्न छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव बिना किसी सीएम चेहरे की घोषणा के लड़ा। बीजेपी ने कुल 90 सीटों में से 54 सीटें हासिल कर प्रचंड जीत हासिल की। विष्णुदेव साय ने कुनकुरी विधानसभा सीट पर कुल 87,604 वोटों से जीत हासिल की। भाजपा के पूर्व राज्य प्रमुख विष्णुदेव साय को भी सीएम पद के लिए पार्टी की पहली पसंद बताया जा रहा था। उन्होंने पहले मोदी मंत्रिमंडल में केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री और 16वीं लोकसभा में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के संसद सदस्य सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वह 2020 से 2022 तक भाजपा छत्तीसगढ़ प्रमुख थे।