जानिए विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए सीएम के बारे में जाने अनजाने तथ्य

जानिए विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए सीएम के बारे में जाने अनजाने तथ्य
बीजेपी विधायक दल ने विष्णु देव साय को विधायक दल का नेता चुन लिया है।
सबके प्रिय विष्णुदेव छत्तीसगढ़ के नए सीएम
रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी विधायक दल के नेता के रुप में कुनकुरी विधायक विष्णु देव साय चुन लिए गए हैं। विष्णु देव साय के नाम का प्रस्ताव डॉ रमन सिंह ने किया, और समर्थन अरुण साव और बृजमोहन अग्रवाल ने किया। विष्णुदेव साय को लेकर ही चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि “आप इन्हें जीताइए इन्हें बड़ा आदमी बनाना हमारी जवाबदेही।”
शांत मौन सरल सहज हैं विष्णु
कंवर आदिवासी वर्ग के विष्णु देव साय की राजनीतिक नर्सरी पर नाम जशपुर कुमार दिलीप सिंह जूदेव का लिखा हुआ है। विष्णु देव साय चार बार के विधायक तीन बार के सांसद रह चुके हैं। विष्णु देव साय केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी। विष्णु देव साय की सरलता सहजता और अनुशासन प्रियता उन्हें संगठन के आँखों का तारा बना गई है।
आदिवासी दिवस के दिन हटाया था प्रदेश अध्यक्ष पद से
विष्णु देव साय जबकि प्रदेश अध्यक्ष थे तो उन्हें केंद्रीय नेतृत्व ने पद से मुक्त कर दिया था। जबकि बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व ने यह फ़ैसला किया उस दिन विश्व आदिवासी दिवस था। इस फ़ैसले की चहुँओर आलोचना हुई लेकिन विष्णु देव साय ने अनुशासित कार्यकर्ता की तरह चुप्पी साध ली और जशपुर वापस लौट गए।
सरपंच से सीएम का सफ़र
विष्णु देव साय सरपंच रहे और जैसी कि खबरें हैं कि कल सुबह वे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले लेंगे। सरपंच से सीएम तक का सफ़र का कोई दूसरा दृष्टांत 23 बरस के छत्तीसगढ़ में नहीं है।
छत्तीसगढ़ बीजेपी के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री
छत्तीसगढ़ में बीजेपी की ओर से यह पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो आदिवासी वर्ग से हैं। इसके पहले कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री बनने वाले राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी अभिलेखों में आदिवासी साबित नहीं हुए, हालाँकि उनकी ताजपोशी बतौर आदिवासी सीएम ही हुई थी।
जूदेव के प्रिय तो डॉ रमन के विश्वासपात्र भी
विष्णु देव साय जशपुर कुमार दिलीप सिंह जूदेव के बेहद प्रिय थे। यह विलक्षण संयोग है कि जशपुर कुमार दिलीप सिंह जूदेव और डॉ रमन सिंह के बीच राजनीतिक असहजता रही लेकिन विष्णु देव साय पर इस असहजता का कोई असर नहीं था। वे डॉ रमन सिंह के बेहद विश्वासपात्र माने जाते रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में होगा फ़ायदा
बीजेपी ने राष्ट्रपति आदिवासी महिला को बनाया है। अब छत्तीसगढ़ जैसे वन और वन्य जीव बाहुल्य इलाक़े में विष्णु देव साय को सीएम बनाकर यह मौक़ा हासिल किया है कि, वह खुद को लोकसभा चुनाव में आदिवासियों के सबसे बड़े हितैषी के रुप में पेश कर सके।
मोदी की गारंटी करुंगा पूरा
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद विष्णु देव साय ने सभी का आभार जताते हुए कहा है कि, वे मोदी की गारंटी को पूरा करेंगे। विष्णु देव साय ने कहा
'आज विधायक दल ने सर्वसम्मति से मुझे अपना नेता चुना है. इस मैं बहुत ही खुश हूं. सबसे पहले बीजेपी का आभार व्यक्त करना चाहूंगा जिसने छोटे से कार्यकर्ता पर इतना भरोसा जताया और छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करने का मौका दिया है. इसके अलावा पीएम मोदी, गृह मत्री अमित शाह, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी आभार व्यक्त करना चाहूंगा. जिन्होंने एक कार्यकर्ता पर विश्वास किया. और हमारे प्रभारी ओम माथुर का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं.मैं बीजेपी के सभी विधायकों का भी शुक्रगुजार हूं. 'मोदी की गारंटी' का जो जनता से वादा किया है मुख्यमंत्री होने के नाते उसे शत प्रतिशत पूरा करने का प्रयास होगा."