पाली पुलिस की बड़ी सफलता: महज 5 घंटे में मैहर से बरामद हुईं लापता 5 छात्राएं,उमरिया एसपी के निर्देशन और पाली पुलिस की तत्परता से मिली कामयाबी

पाली (उमरिया) - पाली नगर स्थित गिंजरी के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास से कक्षा 8वीं की पांच छात्राओं के अचानक लापता होने से जिले सहित पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था। परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे, वहीं पुलिस प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी एस.सी. बोहित, एसडीएम अम्बिकेश प्रताप सिंह, टीआई राजेशचंद्र मिश्रा और सब इंस्पेक्टर विजयकुमार सेन मौके पर पहुंचे और तत्काल सूचना तंत्र को एक्टिव किया। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई और बच्चियों की तलाश तेज कर दी गई।

जांच का आधार बना छात्रा का नोट

पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक छात्रा ने अपनी कॉपी में एक नोट छोड़ा था, जिसमें लिखा था –
“मैं कुछ बनना चाहती हूं, कमाने-खाने जा रही हूं।”
इसी नोट को आधार बनाकर पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई और संभावित ठिकानों पर तलाश तेज कर दी।

महज 5 घंटे में मिली सफलता

लगातार सर्च ऑपरेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को सुराग मिला और महज 5 घंटे के भीतर सभी पांचों छात्राओं को मैहर स्टेशन से दस्तयाब कर लिया गया। फिलहाल बच्चियों को पाली लाया जा रहा है, जहां उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

एसपी और पाली पुलिस की वाहवाही

पूरे घटनाक्रम में उमरिया पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू की सीधी मॉनिटरिंग और त्वरित निर्देशन महत्वपूर्ण साबित हुआ। वहीं, मौके पर डटे पाली पुलिस अधिकारियों और टीम की तत्परता ने बड़ी राहत दिलाई। बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी पर पुलिस की सराहना हो रही है और परिजनों ने भी राहत की सांस ली है।